



धनबाद: चिटाहीधाम के रामराज मंदिर परिसर में 4 से 12 फरवरी के बीच नौ दिवसीय श्रीराम महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत 4 फरवरी को कलश सह शोभायात्रा से होगी, जिसमें 1 लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल होंगे। इस यात्रा में 50 हजार से अधिक महिलाएं और युवतियां सिर पर कलश लेकर भाग लेंगी।
शोभायात्रा में भव्य झांकियां और सांस्कृतिक दल होंगे शामिल
कलश यात्रा का शुभारंभ सुबह 7 बजे तेलमच्चो (महुदा) से होगा, जहां से श्रद्धालु पदयात्रा करते हुए रामराज मंदिर परिसर पहुंचेंगे। इस शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए 51 घोड़े, 11 ऊंट, 5 हाथी, रामगढ़ की ताशा पार्टी, हेमंत दुबे और पंकज शर्मा की जागरण टीम, बंगाल की ढांकी, नागपुर का बैंड दल, छऊ नृत्य दल, टुंडी की आदिवासी नृत्य टीम, सिल्ली की नगाड़ा-ढोल टीम और 18 राज्यों की झांकी टीमें हिस्सा लेंगी।
इसके अलावा चास का सारण बैंड, झरिया का नेहा बैंड, बोकारो का अवतार बैंड और पंजाब बैंड भी शोभायात्रा की भव्यता में चार चांद लगाएंगे।
महायज्ञ में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों की धूम
महायज्ञ के दौरान हर दिन विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:
- 4 फरवरी: संध्या में 18 राज्यों की झांकी टीम अपनी प्रस्तुति देगी।
- 5 फरवरी: कोलकाता के मशहूर कलाकारों द्वारा बंगला जात्रा का मंचन।
- 6 फरवरी: दिन में श्री श्री रवि शंकर महाराज का आध्यात्मिक उपदेश और रात में भजन संध्या में भजन गायिका स्वाति मिश्रा की प्रस्तुति।
- 7 फरवरी: संध्या 5 बजे से कथावाचिका साध्वी सरस्वती का प्रवचन।
- 8 फरवरी: प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास द्वारा राम कथा और कवि सम्मेलन।
- 9 फरवरी: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की भजन संध्या।
- 10, 11 और 12 फरवरी: दिल्ली की विश्व-विख्यात रामलीला मंडली द्वारा रामलीला मंचन।
- 12 फरवरी: शाम को गंगा आरती और हवन के साथ महायज्ञ का समापन।
श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद और भंडारे की व्यवस्था
महायज्ञ के दौरान रोजाना दोपहर 1 बजे से महाभंडारा का आयोजन होगा, जिसमें लाखों श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे।
प्रेस वार्ता में सांसद ढुलू महतो ने दी जानकारी
इस महायज्ञ की विस्तृत जानकारी धनबाद सांसद ढुलू महतो ने मंगलवार शाम मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। इस अवसर पर चतरा सांसद काली चरण सिंह, बड़का गांव के विधायक रौशन लाल चौधरी, भाजपा नेता बलदेव महतो, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुभाष राय, पिंकी लाला, सरोज विश्वकर्मा, काजल सिंह और खुशवंत कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
श्रद्धालुओं में उत्साह, भव्य आयोजन की तैयारी पूरी
श्रीराम महायज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह भव्य आयोजन धार्मिक आस्था, संस्कृति और भक्ति का अद्भुत संगम होगा।
