



भारत में कोरोना संक्रमण एक बार फिर चिंता बढ़ा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में 363 नए कोविड-19 केस सामने आए हैं और 2 लोगों की मौत हुई है। इससे देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 3,758 हो गई है।
कर्नाटक में 63 वर्षीय मरीज की मौत
कर्नाटक में कोविड संक्रमण से पीड़ित 63 वर्षीय व्यक्ति की अस्पताल में मृत्यु हो गई है। मरीज को कमजोरी की शिकायत के बाद 21 मई को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि वह कीमोथेरेपी और टीबी से पीड़ित था और टीकाकरण की सभी डोज़ ले चुका था। 29 मई को उसकी मृत्यु हो गई।
इसके साथ ही कर्नाटक में कोविड से मौत का आंकड़ा 4 तक पहुंच गया है।
केरल और दिल्ली में भी मामले बढ़े
-
केरल में अब तक सबसे ज्यादा 1400 एक्टिव केस हैं, जहां बीते 24 घंटे में 64 नए केस दर्ज किए गए।
-
महाराष्ट्र में 485 केस हैं, और 18 नए संक्रमित मिले।
-
दिल्ली में 436 एक्टिव केस हैं और 61 नए संक्रमित पाए गए।
केरल में महिला की मौत
केरल में 24 वर्षीय महिला, जो Covid-19, सेप्सिस, और क्रॉनिक लिवर डिजीज से पीड़ित थी, ने दम तोड़ दिया। यह केस मेडिकल जटिलताओं के साथ कोविड की गंभीरता को दर्शाता है।
दिल्ली में भी एक महिला की मौत
राजधानी दिल्ली में शनिवार को 60 वर्षीय महिला की मृत्यु हो गई। डॉक्टरों के अनुसार महिला को आंतों की रुकावट और लैपरोटॉमी के बाद जटिलताओं का सामना करना पड़ रहा था। कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि आकस्मिक रूप से हुई।
सरकार की एडवाइजरी और अपील
कर्नाटक सरकार ने कोरोना मामलों की वृद्धि को देखते हुए पब्लिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों से कहा गया है कि:
-
भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें
-
शारीरिक दूरी बनाए रखें
-
हाथों की सफाई का विशेष ध्यान रखें
स्वास्थ्य मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें और सतर्कता बनाए रखें, ताकि संक्रमण पर नियंत्रण पाया जा सके।
कोविड-19 के मामले एक बार फिर बढ़ते नजर आ रहे हैं। भले ही गंभीरता पहले जैसी नहीं हो, लेकिन लापरवाही से बड़ी परेशानी हो सकती है। अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतें।
