



(रांची): चान्हो थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराटोली गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के ही 13 वर्षीय अरुण उरांव की खुले बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। वह गांव से थोड़ी दूर नदी किनारे बकरी चरा रहा था और अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था।
जानकारी के अनुसार, खेल-खेल में अरुण एक पेड़ पर चढ़ गया, जिसकी एक डाली में बिजली का तार फंसा हुआ था। बताया जा रहा है कि यह तार एक किसान द्वारा खेत की पटवन के लिए अस्थाई रूप से पेड़ की डाल पर बांधा गया था। जैसे ही अरुण उस डाली को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गया।
दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। किसी तरह उसे पेड़ से नीचे उतारा गया और चान्हो मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अरुण पिपराटोली गांव के स्कूल में कक्षा 6 का छात्र था। उसकी असमय मृत्यु से परिवार ही नहीं, पूरा गांव सदमे में है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की जांच और बिजली तारों की सुरक्षित व्यवस्था की मांग की है।
